बरेली। 24 नवंबर को कोरोना मुक्त की सूची में दर्ज बरेली फिर सक्रिय संक्रमित की श्रेणी में दर्ज हो गया है। शनिवार को इफको टाउनशिप में रहने वाले एक 26 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है।
सर्विलांस सेल के इंचार्ज डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक, युवक दिल्ली की एक निजी आईटीआई कंपनी के जरिए वर्क फ्रॉम होम कर रहा है। लिहाजा, वह घर पर ही रह रहा है। 21 नवंबर को युवक इफको टाउनशिप में ही आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल हुआ था। जिसके दो दिन बाद 24 नवंबर को उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। कोरोना संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर उसने एक चिकित्सक से दवाएं लीं मगर कोई फायदा नहीं हुआ। चिकित्सक के परामर्श पर उसने 26 नवंबर को एक निजी पैथोलॉजी से कोरोना की जांच कराई। 27 नवंबर को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। जिसकी जानकारी होने पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की गई। परिवार में माता पिता और एक महिला कर्मचारी है, जिसके संपर्क में वह रहा। इसके अलावा अन्य लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। सभी की कोरोना जांच कराई जाएगी।