बरेली। सुर्खा बानखाना स्थित नीम की मठिया किसी शरारती तत्व ने क्षतिग्रस्त कर दी। जानकारी हुई तो तमाम लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने मरम्मत कराकर मामला शांत कराया।
प्रेमनगर इलाके के मोहल्ला सुर्खा बानखाना में नीम की मठिया है। यहां आसपास के लोग सुबह-शाम पूजा करते हैं। मोहल्ले के कमला प्रसाद की बहू शुक्रवार सुबह छह बजे मठिया पर साफ-सफाई करने पहुंची तो इसका कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। पता लगने पर कई लोग मौके पर जमा हो गए और हंगामा करते हुए शरारती तत्वों को पकड़ने की मांग करने लगे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मठिया की मरम्मत कराई। साथ ही शरारती तत्वों को ढूंढने और मठिया के चारों तरफ जाल व सीसीटीवी कैमरा लगाने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।