बरेली। दूरदर्शन एंकर राफिया शबनम से कुछ लोगों ने 3.60 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उनके घर से बाइक उठा ले गए और कार्रवाई करने पर पति को जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला आयोग के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों पर इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इज्जतनगर इलाके के हार्टमैन स्कूल के पास स्थित गांधीपुरम निवासी जहीन खां की पत्नी राफिया शबनम दूरदर्शन केंद्र में एंकर हैं। राफिया ने बताया कि उनके पति के परिचित मुशीर घोषी पुत्र सरफुद्दीन निवासी गुलाबनगर थाना किला, यूनुस उर्फ गुड्डू पुत्र मुस्तफा निवासी कमल नयनपुर, इज्जतनगर अपने साथ मल्लू पुत्र वली अहमद उर्फ कल्लू को लेकर कुछ दिन पहले उनके घर आए और एक प्लॉट का 17.50 लाख रुपये में सौदा किया। आरोप है कि 3.60 लाख बयाना लेने के बाद भी बैनामा नहीं किया गया। राफिया ने बताया कि नौ जून, 2015 को पता चला कि मुशीर घोसी और गुड्डू ने षड्यंत्र रचकर मल्लू से मुशीर के सगे भाई फय्याज के नाम एग्रीमेंट करा दिया। राफिया का आरोप है कि ये लोग पैसा मांगने पर उनके घर आए और पति को जान से मारने की धमकी देते हुए घर में खड़ी बाइक छीन ले गए। यही नहीं एक जनवरी, 2016 को जब वह बाजार से घर आ रही थीं तो रास्ते में मुशीर घोसी ने अपने साथी वाहिद, नासिर, फय्याज, मल्लू के साथ उन्हें घेर लिया और गाली-गलौच करते हुए पति को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने मामले की शिकायत महिला आयोग से की थी। वहां से आए आदेश पर शुक्रवार को इज्जतनगर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एक राय होकर घर में घुसकर बाइक छीन ले जाने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।