बरेली। लगातार बढ़ रहे सोने और चांदी के भाव में हुई गिरावट ने बाजार में ग्राहकों की कतार बढ़ा दी। सोने के दामों में दो हजार रुपये और चांदी 13 हजार रुपये सस्ती हुई है। धनतेरस के शुभ मौके पर लोग घरों से निकले और जमकर खरीदारी की। हालांकि, आने वाले दिनों में भी गिरावट जारी रहेगी या नहीं, इस पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आलमगिरीगंज के सराफा कारोबारी अंकुर शर्मा के मुताबिक पिछले सप्ताह ही चांदी में करीब 13 हजार रुपये बढ़त दर्ज हुई थी। अचानक से कीमत 1.56 लाख रुपये प्रति किलो से बढ़कर 1.69 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गए थे।
महज 24 घंटे में आकस्मिक बढ़त से कारोबारी भी हैरान थे। वहीं, अब कीमत में 13 हजार रुपये गिरावट के बाद चांदी शनिवार को सराफा बाजार में 1.66 लाख रुपये प्रति किलो बिकी। शुक्रवार को चांदी के भाव 1.79 लाख रुपये प्रति किलो थे। कहा कि सोना भी 1.34 लाख से दो हजार रुपये लुढ़ककर 1.32 लाख प्रति दस ग्राम बिका।
बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल के मुताबिक चांदी और सोने की कीमत स्थिर रहने का अनुमान कम है। औद्योगिक मांग के चलते चांदी की कीमत में बढ़त का अनुमान है। ब्यूरो