फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओमिक्रॉन की दहशतः परिजन न हों संक्रमित इसलिए होटल में आइसोलेट होंगे एनआरआई

विज्ञापन
बरेली जंक्शन पर यात्रियों की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
विज्ञापन
होटलों में कराई जा रही है एडवांस बुकिंग, आठ दिन रहेंगे आइसोलेट
विज्ञापन

बरेली। पहली और दूसरी लहर का दंश झेल चुके शहरवासी अब संक्रमित होने का खतरा मोल नहीं लेना चाहते हैं। लिहाजा, विदेश से आने वाले सगे संबंधियों के लिए वे होटल में आइसोलेट होने के लिए एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। साथ ही, विदेश से आने वालों के लिए शासन से जारी आइसोलेशन, सैंपलिंग आदि के दिशानिर्देश की जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग से भी संपर्क कर रहे हैं।
जिले में सक्रिय संक्रमितों की बढ़ती तादाद के बीच पिछले दिनों कैंट सदर में रहकर इंग्लैंड वापस लौट चुका एनआरआई संक्रमित मिल चुका है। लिहाजा, लोगों के कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की आशंका बढ़ने लगी है। आईडीएसपी इंचार्ज और सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक पूर्व में विदेश से लौटने वालों को परिजन सीधे घर बुला रहे थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग उनके परिवार से अलग आइसोलेट होने की व्यवस्था कर रहे हैं। इसके लिए होटलों में कमरे बुक कराए जा रहे हैं।
विज्ञापन

डॉ, गौतम ने बताया कि पिछले करीब पांच दिनों में ज्यादातर लोग एनआरआई यानी विदेश से वापस आने वालों के लिए शासन से जारी गाइडलाइन की जानकारी करने विकास भवन स्थित सर्विलांस सेल भी पहुंच रहे हैं। उन्हें गाइडलाइन की कॉपी मुहैया कराने के साथ ही, होटल या कहीं भी आइसोलेट किए जाने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जानकारी देने को कहा जा रहा है।
एनआरआई को आठ दिन तक रहना है आइसोलेट
शासन से जारी गाइडलाइन के मुताबिक ओमिक्रॉन प्रभावित देश से वापस आने वालों को हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया है। वहीं, अन्य देशों से आने वालों की भी पूरी निगरानी की जानी है। डॉ. गौतम के मुताबिक एनआरआई या विदेश से आने वाले सभी व्यक्तियों की आरटीपीसीआर जांच कराने, उन्हें आठ दिन तक आइसोलेशन में रखकर निगरानी करने, लक्षण नहीं भी हों तब भी आठवें दिन सैंपल किए जाने के निर्देश हैं। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद घर लौटने के आठवें दिन तक अगर परिवार के किसी भी सदस्य में संक्रमण के लक्षण होंगे, तो कोरोना जांच कराना जरूरी है।
संक्रमण का खतरा है, इसलिए ज्यादा ले रहे चार्ज
होटल संचालकों के मुताबिक आइसोलेट किए जाने वाले कोरोना संदिग्ध व्यक्तियों को उनके कमरे में ही खाना पहुंचाने की व्यवस्था है। इसके अलावा खानपान संबंधी अगर कोई जरूरत है तो उसे भी पूरा किया जा रहा है। आइसोलेशन की अवधि में कमरे की साफ सफाई करना प्रतिबंधित है। एक बार जो सामान उपलब्ध कराया जा रहा है, उसे अवधि समाप्त होने के बाद ही कोविड प्रोटोकॉल के तहत निस्तारित कराया जा रहा है। इस व्यवस्था का अलग से चार्ज भी ले रहे हैं। स्टाफ संक्रमित न हो इसलिए कमरे में जाना वर्जित है। दरवाजे के बाहर ही सामान रखने को कहा गया है।
36372 लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन
बरेली। कोरोना टीकाकरण के चल रहे अभियान के तहत शुक्रवार को 52 हजार लक्ष्य के सापेक्ष 36372 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि 210 टीकाकरण सत्र के तहत 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के 5713, 45 पार के 16367 लोगों को कोविशील्ड, 14292 लोगों को कोवाक्सिन की डोज लगाई गई। लक्ष्य के सापेक्ष 69.95 फीसदी लोगों को वैक्सीनेट किया गया है।

केस-1
रामपुर गार्डन के रहने वाले एक कारोबारी के भाई चार दिन बाद अमेरिका से वापस लौट रहे हैं। उन्होंने पटेल चौक स्थित एक होटल में उनके लिए कमरा बुक करा लिया है। जहां आठ दिन तक भाई आइसोलेट रहेगा। उन्होंने बताया कि भाई से बात हुई तो उन्होंने ही यह करने को कहा है। ताकि परिवार के अन्य सदस्यों को संक्रमित होने का खतरा न रहे।
विज्ञापन


केस-2
महानगर के रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी का बेटा एनआरआई है। वह यूरोप से मंगलवार को वापस बरेली आएगा। परिवार में माता-पिता को संक्रमण का कोई खतरा न रहे इसलिए पिता से पीलीभीत बाईपास स्थित एक होटल में कमरा बुक कराने को कहा है। पिता ने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर गाइडलाइन की जानकारी लेकर कमरा बुक करा दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें