बरेली। सभी अधिकारी रोजाना सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का निस्तारण कराएं। अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक न कोई बैठक करें और न कोई अन्य काम करें। यह निर्देश जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को जिले के सभी अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह देखने में आ रहा है कि जिला, तहसील और विकास खंड स्तर पर कार्यरत अधिकारी समय से अपने कार्यालय नहीं आ रहे हैं। इसके चलते आमजन की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है और उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शासन के निर्देश के क्रम में रोजाना सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में मौजूद रहें। आमजन की समस्याओं को सुन कर समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। इसमें शिथिलता बरतने वाले अधिकारी कार्रवाई की जद में आएंगे। ब्यूरो