फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: आंवला में अफसरों का समाधान दिवस से किनारा, एसडीएम ने मांगा स्पष्टीकरण

विज्ञापन
विज्ञापन
मीरगंज/आंवला। आंवला के तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कई अधिकारी नहीं पहुंचे, जिनसे एसडीएम ने स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, मीरगंज के तहसील सभागार में डीएम की अनुपस्थिति में एसडीएम मीरगंज इशिता किशोर, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान एवं सीओ मीरगंज अजय कुमार ने शिकायतें सुनीं, जिसमें 63 में से दो शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया।
विज्ञापन

आंवला में तहसील सभागार में एसडीएम विदुषी सिंह ने 43 फरियादियों की शिकायतें सुनीं, जिसमें चार का निस्तारण करा दिया गया। इनमें से सबसे ज्यादा 18 शिकयतें राजस्व व 14 पुलिस विभाग की रही। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी एसओ भमोरा, सीएचसी प्रभारी आंवला, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग से एसडीएम ने स्पष्टीकरण मांगा है।

मीरगंज में डीएम अविनाश सिंह एवं एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न होना था, लेकिन उनके नही पहुंचने पर शिकायतकर्ता काफी मायूस दिखे। इस दाैरान कुछ शिकायतकर्ता चले गए। हालांकि 63 शिकायतकर्ता यहां पहुंचे। इसमें सबसे अधिक शिकायतें पुलिस और आपूर्ति विभाग की आईं। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसमें छेड़खानी, दुष्कर्म की कोशिश, दुनका में अतिक्रमण समेत कई मुद्दे उठे। संवाद
विज्ञापन


मधुनगला की गोशाला में मृत गोवंशों का मामला उठा
नवाबगंज। संपूर्ण समाधान दिवस तहसील परिसर में एसडीएम उदित पवार की अध्यक्षता में शुरू हुआ। हिंदू जागरण मंच और पैनी नजर सामाजिक संस्था के कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचकर सोमवार दोपहर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। समाधान दिवस के शुरू होने के कुछ देर बाद ही हिंदू जागरण मंच, गोरक्षा दल और पैनी नजर सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मधुनगला गांव में गोशाला में तीन दिन पहले लगभग 16 गोवंशों की मौत हो गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। एसडीएम ने कार्यकर्ताओं को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सुनीता गंगवार, दीपक पंडित, राकेश सक्सेना, राजा, सलिल, वीरपाल, अनिल गुप्ता, मोहित गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद

गांव में शराब की दुकान हटाने की मांग, प्रदर्शन
आंवला। महिलाओं ने तहसील परिसर पर प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर गांव स्थित शराब की दुकान को बंद कराने और दूसरे जगह स्थानांतरित किए जाने की मांग की। ग्राम घुंसी से दर्जनों महिलाएं महारानी, नेमवती, भूरी देवी, राजवती, राधा देवी, चंपा देवी, राधा देवी, मायादेवी आदि महिलाओं ने सोमवार दोपहर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने एसडीएम से कहा कि गांव में आबादी क्षेत्र के बीच शराब की दुकान स्थित है। इसके कारण ग्रामवासी आसानी से शराब खरीद लेते हैं। नशे में धुत होकर वे अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं।एसडीएम ने महिलाओं को जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया है। संवाद

गन्ना भुगतान व शॉपिंग कॉम्पलेक्स का मुद्दा गूंजा

बहेड़ी। तहसील कार्यालय में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और नैनीताल रोड पर बने शॉपिंग कॉम्पलेक्स का मुद्दा छाया रहा। इसमें एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने कुल 11 शिकायतों में से दो का मौके पर निस्तारण कराया। किसान नेता राकेश गंगवार व भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के 183 करोड़ रुपये दिलाने की मांग की।

किसान नेताओं ने कहा कि केसर चीनी मिला ने अभी अपने शॉपिंग कॉम्पलेक्स की 280 दुकानों को बनाकर बेची है। वह पैसा किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान में दिलाया जाए। इस बीच किसान नेताओं ने चीनी मिल के कर्मचारियों को तीन माह से वेतन न दिए जाने की शिकायत भी की। इंतखाब आलम ने केसर चीनी मिल की 280 दुकानों के शॉपिंग कॉम्पलेक्स को नगर पालिका द्वारा अवैध घोषित किए जाने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य न रोके जाने और पालिका द्वारा वैधानिक कार्रवाई न किए जाने की शिकायत की। संवाद

प्राचीन मंदिर की जमीन पर दूसरे समुदाय युवक का कब्जा : फरीदपुर। पचौमी गांव स्थित प्राचीन विष्णु भगवान के मंदिर की जमीन पर दूसरे समुदाय के युवक द्वारा कब्जा कर निर्माण करने का आरोप लगाते हुए गांव के ही संजीव कुमार सिंह एडवोकेट ने तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस में शिकायत कर कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है। एसडीएम मल्लिका नैन ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान यहां 42 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें से तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें