बरेली। एंटी करप्शन टीम ने सीएमओ दफ्तर के प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र सिंह को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल पास करने के नाम पर घूस ले रहा था। एंटी करप्शन टीम ने कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर के आलोकनगर निवासी रामकृष्ण ने एंटी करप्शन टीम को बताया कि उनके चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल की पत्रावली सीएमओ कार्यालय में लंबित थी। संबंधित पटल की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र सिंह के पास है। उन्होंने देवेंद्र सिंह से संपर्क किया तो उसने बताया कि फाइल पास कराने के लिए तीन हजार रुपये देने होंगे। रामकृष्ण ने रिश्वत देने में असमर्थता जताई तो देवेंद्र सिंह ने कहा कि फिर तुम्हारा काम नहीं हो पाएगा। मजबूरी में रामकृष्ण ने हामी भर दी।
एंटी करप्शन की टीम रामकृष्ण से मिली सूचना के आधार पर डीएम कार्यालय से मिले दो गवाहों के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंची। यहां कक्ष संख्या 18 में अपनी सीट पर बैठे देवेंद्र को जैसे ही रामकृष्ण ने तीन हजार रुपये दिए, टीम ने देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। तत्काल ही देवेंद्र के हाथ धुलवाए गए। नोटों पर लगे केमिकल की वजह से पानी व हाथों का रंग गुलाबी हो गया। ब्यूरो