एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय पीएचडी की रिक्त सीटों पर बुधवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर रहा है। परास्नातक में 55 फीसदी अंक वाले ही छात्र आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा परास्नातक फाइनल ईयर वाले छात्र भी आवेदन कर सकेंगे। मंगलवार को विवि ने पीएचडी एंट्रेंस को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए।
नेट और जेआरएफ वालों को सीधे प्रवेश मिलेगा। गेट और जीपीएटी वालों को भी सीधे प्रवेश मिलेगा पर उनका स्कोर 90 फीसदी से कम न हो। एंट्रेंस में पहले पेपर में सामान्य ज्ञान, एकेडमिक और विषय से जुड़े सौ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके लिए सौ मिनट समय निर्धारित है। द्वितीय पेपर में दो सौ प्रश्न होंगे, जिसके लिए दो सौ नंबर निर्धारित किए गए हैं। कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। वेबसाइट पर मेरिट जारी की जाएगी। पचास फीसदी नंबर क्वालीफाइंग रखे गए हैं और एक विषय में कम से कम चालीस फीसदी अंक अवश्य लाने होंगे। एसटी अभ्यर्थियों को पांच फीसदी की छूट मिलेगी। एससी और एसटी के लिए छह सौ और ओबीसी व सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए 1200 रुपये फीस निर्धारित की गई है। विवि ने आवेदन फार्म का प्रारूप भी जारी कर दिया है।