बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे के चौड़ीकरण को रफ्तार देने में कई चुनौतियां सामने आ रहीं हैं। कहीं पेड़ कटने में देरी हो रही है तो कहीं अधिग्रहण के बाद कब्जा नहीं मिल सका है। ऐसे मामलों की सूची बनाई गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया ने परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए बुधवार की दोपहर बैठक की। बैठक में पीडी ने बरेली-सितारगंज हाईवे के चौड़ीकरण और हरदोई-शाहजहांपुर हाईवे की वर्तमान स्थिति का फीडबैक लिया। साथ ही अनुबंध पर काम रही फर्मों से दिक्कतें पूछीं।
इसमें पता लगा कि बरेली-सितारगंज हाईवे के पैकेज-टू के दस किलोमीटर हिस्से में पेड़ कटने में देरी हो रही है। इसके अलावा पैकेज-वन में बरकापुर, फरीदपुरगंगा, लाड़पुर उस्मानपुर में जमीनों के कब्जे नहीं मिल सकें हैं। लाड़पुर उस्समानपुर में सभी भू-स्वामियों का अंश निर्धारण न होने से मुआवजा फंसा है। पीडी अब इन मामलों में संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। ब्यूरो