बरेली। अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट एकेडमी और ओसिस क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ। इससे दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। वहीं, टूर्नामेंट में रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट एकेडमी अपने दो मुकाबले जीत चुकी है। सोहित की फिरकी ने ओसिस क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया।
मैच में टॉस जीतकर ओसिस क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम की शुरुआत खास नहीं रही। रवींद्रनाथ टैगोर की ओर से गेंदबाजी की कमान संभाल रहे सोहित पाल ने अपनी घातक फिरकी से ओसिस के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। निर्धारित 40 ओवर में ओसिस की पूरी टीम 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सोहित पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट एकेडमी की टीम की शुरुआत भी दबाव में रही। ओसिस के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए मुकाबले को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। पूरी टीम 40 ओवर में 149 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। रवींद्रनाथ टैगोर की ओर से आयुष सैनी ने 32 रन, अमन शर्मा ने 29 रन और वात्सल्य प्रताप ने 23 रन बनाए। वहीं ओसिस क्रिकेट अकादमी की ओर से वंश ने तीन विकेट हासिल किए। घातक गेंदबाजी के लिए सोहित पाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट सचिव पंकज ने बताया कि 24 दिसंबर से पूल-बी के मुकाबले शुरू होंगे। संवाद