बरेली। लॉकडाउन के दौरान किराना और सब्जी की दुकानों पर भीड़ न लगे, इसके लिए डीएम ने नगर निगम के सहयोग से 75 वार्डों में आने वाली 970 दुकानों को डोर-टू-डोर सप्लाई के लिए अधिकृत कर दिया है। दुकानदारों के नाम के साथ लिस्ट में उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज है। ताकि जरूरत पड़ने पर लोग फोन कर सकें।
डेलापीर सहित अन्य सब्जी मंडियों के साथ राशन की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगने से लॉकडाउन का पालन नहीं हो पा रहा है। इसे रोकने के लिए प्रशासन ने शहर के कुल 75 वार्डों के अंतर्गत आने वाली 485 राशन, किराना एवं 485 सब्जी, फल आदि की कुल 970 दुकानों को डोर टू डोर सप्लाई के लिए अधिकृत किया है। इन दुकानों के अलावा भी जो दुकानदार डोर टू डोर सप्लाई करना चाहते हैँ, वह अपना नाम और फोन नंबर नगर निगम में दर्ज करा सकते हैं। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि खाद्य पदार्थों की घर-घर सप्लाई को प्रोत्साहित किया जा रहा है।