किशोरी ने अनजान आरोपी युवक के अलावा दो बुजुर्गों पर लिखाई रिपोर्ट
विज्ञापन
भुता एसओ ने दोनों बुजुर्गों को थाने लाकर पीटा तो एसपी देहात ने लगाई फटकार, दोनों को छुड़वाया
भुता (बरेली)। गुरुवार दोपहर साइकिल से खेत पर मां को खाना देने जा रही किशोरी से एक युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी ने आरोपी अनजान युवक के अलावा रिपोर्ट में दो बुजुर्गों को आरोपी से मिलीभगत के संदेह में नामजद करा दिया। बुजुर्ग घटनास्थल से कुछ दूर पेड़ों का सौदा कर रहे थे। एसओ ने दोनों बुजुर्गों को थाने लाकर पीटना शुरू कर दिया। मामला एसपी देहात के संज्ञान में आया तो उन्होंने एसओ की फटकार लगाई और थाने जाकर दोनों बुजुर्गों को छुड़वा दिया। दुष्कर्म की सप्ताह भर में यह दूसरी घटना है। बीते दिनों अलीगंज क्षेत्र में भी के साथ दुष्कर्म हुआ था। इसके अलावा लगभग 15 दिन पहले भमौरा में एक बच्चे साथ कुकर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।
एक गांव की 13 साल की किशोरी साइकिल से मां को खेत पर खाना देने जा रही थी, तभी एक अनजान युवक ने उसे गन्ने के खेत में खींच लिया और दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने बताया कि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर दो बुजुर्ग पेड़ों का सौदा कर रहे थे। युवक ने उनसे भी बात की थी। किशोरी ने दुष्कर्म की रिपोर्ट में बुजुर्ग सतीश और लकड़ी ठेकेदार सैदपुर निवासी निसार को आरोपी से मिलीभगत में नामजद करा दिया। पुलिस ने बिना कोई जांच-पड़ताल किए ही दोनों बुजुर्गों को थाने लाकर पीटना शुरू कर दिया, जबकि उनका कहना था कि न तो उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी है और न ही उन्होंने किसी अनजान युवक को वहां देखा। एसपी देहात ने दोनों बुजुर्गों को फिलहाल छुड़वा दिया है।