दिवाली के बाद छठ पूजा के लिए पूरब और बिहार की तरफ जाने वाले यात्रियों ने सफर शुरू कर दिया है। इससे पश्चिम बंगाल और बिहार रूट की ट्रेनों पर दबाव बढ़ गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों में चल रहे हैं। पूजा स्पेशल ट्रेन और अतिरिक्त कोच लगाकर यात्रियों को राहत देने की कोशिश की जा रही है। वहीं, ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों को परेशान भी कर रही है।
अमृतसर से लक्सर के बीच चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस को शनिवार सुबह 5.20 बजे जंक्शन पहुंचना था, लेकिन यह नौ घंटे देरी से दोपहर ढाई बजे जंक्शन पहुंची। जम्मूतवी से लक्सर की ओर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस भी शुक्रवार रात 11.22 बजे न पहुंचकर शनिवार दोपहर दो बजे जंक्शन पहुंची। दोनों ट्रेनों में आरक्षित कोचों के यात्रियों ने स्टेशन मास्टर कमरे में आपत्ति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त शनिवार शाम करीब सवा चार बजे अमृतसर से कोलकाता के लिए जाने वाली अकाल तख्त एक्सप्रेस बरेली जंक्शन पहुंची। ट्रेन के आरक्षित और तृतीय श्रेणी के आरक्षित कोच में यात्रियों की भारी भीड़ थे। बरेली से इस ट्रेन में जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत आई। यह भी सामने आया कि वेटिंग टिकट और जनरल टिकट वाले यात्री भी आरक्षित कोच में सफर कर रहे थे, जिससे स्थिति बिगड़ी हुई थी। इसके अतिरिक्त सहरसा जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस, आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्त क्रांति एक्सप्रेस, दिल्ली से पटना के लिए चलने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में भीड़ का दबाव था।
स्पेशल ट्रेन और कोच से दबाव कम करने की कोशिश
पूर्वोत्तर रेलवे ने पांच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई हैं। वहीं, मुरादाबाद मंडल ने आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगा दिए हैं। 24 कोच के साथ चलने वाली ट्रेनें इन दिनों 26 कोच के साथ चलाई जा रही हैं।