हंगामा होने के बाद काम रोककर ठीक कराई पाइप लाइन
बरेली। सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम की अंधाधुंध खुदाई के दौरान लगातार कोई न कोई हादसा हो रहा है। रविवार देर शाम कालीबाड़ी में खुदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन फटी तो लोगों ने हंगामा करते हुए जल निगम का काम रुकवा दिया। जल निगम की टीम को अपना काम रुकवाकर फटी पाइप लाइन की मरम्मत करानी पड़ी, तब कहीं काम शुरू हो पाया।
कालीबाड़ी में मठिया के आगे चल रही सीवर लाइन की खुदाई के दौरान पाइप लाइन फटने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई। खुदाई से किए गए गहरे गड्ढे में भी ऊपर तक पानी भर गया। पानी की सप्लाई ठप होने पर लोगों ने हंगामा करते हुए खुदाई बंद करा दी। जल निगम को सूचना दी गई लेकिन इस बीच करीब एक घंटे तक पानी बहता रहा। करीब सवा नौ बजे पहुंची जलकल की टीम ने पानी की सप्लाई रुकवाकर पाइप लाइन की मरम्मत की और उसके बाद सप्लाई शुरू की गई। बता दें कि इससे पहले जल निगम की खुदाई से नगर निगम कार्यालय रोड एक जगह और अयूब खां से चौपुला को जाने वाली सड़क तीन जगह धंस चुकी है। सहायक अभियंता जलकल तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम भेजकर मरम्मत करा दी गई है। पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।