Now hockey players in the competition, sending demand
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
महिला फुटबाल खिलाड़ियों के विवाद के बाद अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए टीम भेजी गई है। अब महिला हॉकी खिलाड़ियों ने भी अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में भेजने की मांग की है। क्रीड़ा सचिव ने उनको ट्रायल के दौरान ही फेल कर दिया था। सोमवार को छात्राएं कुलपति से मिलने पहुंचीं और अपनी समस्या बताई। उनका कहना था कि उनका ट्रायल अच्छा हुआ था। इसके बावजूद उनकी टीम फाइनल में नहीं की गई।
दरअसल, पिछले दिनों विश्वविद्यालय में हॉकी महिला टीम का ट्रायल हुआ था। कुछ खिलाड़ी आधा घंटे में ही हांफ गई थीं। उसके बाद क्रीड़ा सचिव ने टीम को निरस्त कर दिया। टीम की कुछ खिलाड़ियों ने टीम भेजने के लिए जोर लगाया। उनका कहना है कि टीम अच्छा खेल सकती है। जानबूझकर उनको नहीं भेजा जा रहा। क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एके जेटली का कहना है कि टीम इस काबिल नहीं जो उनको बाहर भेजा जाए। अगर टीम के आधे खिलाड़ी भी अच्छे होेते तो उनको भेज दिया जाता। बता दें कि टीम में बरेली कॉलेज, शाहजहांपुर, पीलीभीत की खिलाड़ी शामिल हैं। छात्राओं ने कहा कि टीम को बुधवार को जाना है। उनका दोबारा ट्रायल करा लिया जाए। अगर टीम नहीं भेजी गई तो वे शांत नहीं बैठेंगी।