बरेली। कुमार टाकीज के पास फर्नीचर मार्केट के बाद शुक्रवार रात बड़ा बाजार की गली नवाबान में तीसरी मंजिल पर बने श्रृंगार सामग्री के गोदाम में आग लग गई। घनी आबादी में घटना होने से वहां हड़कंप मच गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया लेकिन नंबर नहीं लगा। फिर डीएम को फोन किया तो करीब घंटे भर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
बड़ा बाजार की गली नवाबान में हरी मस्जिद के पास पंकज देवल और प्रदीप देवल की दूसरी मंजिल पर पर्स एवं अन्य श्रृंगार सामग्री की दुकान है। तीसरी मंजिल पर उन्होंने गोदाम बना रखा है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे ग्राउंड वाली दुकान के मालिक इफ्तेखार ने तीसरी मंजिल से धुआं निकलते देखकर पंकज को आग की सूचना दी। इसके बाद बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारी राजेश देवल ने बताया कि उन लोगों ने मस्जिद से पाइप डालकर आग बुझाना शुरू किया। फायर ब्रिगेड को फोन किया लेकिन नंबर नहीं लगा। इसी बीच चीता मोबाइल आ गई और उन्होंने डीएम को फोन किया तो करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
पतले जीने से ऊपर जाने में हुई दिक्कत
चार मंजिला इमारत में ऊपर जाने के लिए पतला सा जीना बना था। ऐसे में फायर ब्रिगेड को ऊपर पहुंचने में दिक्कत हुई तो एक सीढ़ी बाहर से लगाई गई और एक साथ पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली सप्लाई कटवा दी गई।
जल गया दिवाली का सारा सामान
पंकज ने बताया कि बृहस्पतिवार को ही उन्होंने दिवाली की ब्रिकी का सामान मंगाकर तीसरी मंजिल पर बने गोदाम में रखवाया था लेकिन आग से काफी सामान जल गया है।