बरेली। इज्जतनगर में निर्माणाधीन रोडवेज बस अड्डे का काम 31 दिसंबर 2025 के बजाय अब 30 जून 2026 तक पूरा होगा। यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट काॅरपोरेशन (यूपीसिडको) के अनुरोध पर शासन ने समय सीमा छह माह बढ़ा दी है। इज्जतनगर में केंद्रीय कारागार की 2.285 हेक्टेयर भूमि पर 16.72 करोड़ की लागत से वर्ष 2021 में बस अड्डे का निर्माण शुरू हुआ था। बजट आवंटन में देरी के कारण काम अटकता रहा। 12 सितंबर 2025 को 6.99 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जाने के बाद काम में तेजी आई। अधिकारियों ने दावा किया कि दिसंबर तक काम पूरा करवाकर मार्च 2026 में यहां से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन इसके बाद भी काम ने रफ्तार नहीं पकड़ी।
पिछले दिनों यूपीसिडको के अधिशासी अभियंता ने रोडवेज मुख्यालय और शासन को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि बस अड्डे का निर्माण 31 दिसंबर 2025 तक संभव नहीं है। 82.62 लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त होनी बाकी है। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि यूपीसिडको के अनुरोध पर परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा ने निर्माण की समय सीमा को बढ़ाकर 30 जून 2026 तक कर दिया है। संवाद