भमोरा। पुलिस ने शनिवार रात कुड्डा से भरताना मार्ग पर चेकिंग के दौरान देवचरा के व्यापारी विशाल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा छिलका, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम की खेती करने वालों से डोडा छिलका खरीद लेता है। इसे ट्रक चालकों व अन्य लोगों को अधिक कीमत पर बेचता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी विशाल गुप्ता को पुलिस ने पकड़ा तो एक अन्य आरोपी भी उसके साथ मिला। भमोरा थाना पुलिस दोनों को ही थाने लेकर गई। रात में दोनों से पूछताछ की। रविवार को दूसरे आरोपी को छोड़ दिया गया। कस्बे में दिनभर इसकी चर्चा रही। हालांकि, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा का कहना है कि दूसरा आरोपी 16 साल का किशोर था। इस वजह से उस पर कार्रवाई नहीं की गई।
असम पुलिस को भी देवचरा के व्यवसायी की तलाश
कुछ महीने पहले असम राज्य में देवचरा के व्यापारी के ट्रक को अर्धसैनिक बल के जवानों ने पकड़ा था। ट्रक में साढ़े तीन किलो मार्फिन मिली थी। ट्रक ड्राइवर समेत दो आरोपी पकड़े गए तो भेद खुला कि पर्दे के पीछे से देवचरा निवासी गल्ला व्यापारी ये धंधा संचालित कर रहा है। मामला दर्ज कर वहां की पुलिस ने देवचरा में दबिश भी दी थी, लेकिन आरोपी भाग निकला। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पास कई ट्रक हैं जो गल्ला व कोयला लेकर दूसरे प्रांतों में जाते हैं और इसकी आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं।