बरेली। भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई के बीच एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने अपने सुरक्षा दस्ते में लंबे समय से तैनात सिपाहियों को हटा दिया है। चार सिपाहियों को लाइन भेजकर नए सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है।
एसएसपी अब तक दो थानेदार, एसओजी के दस सदस्यों समेत 14 लोगों के निलंबन के साथ कई को लाइनहाजिर कर चुके हैं। अचानक थानों व चौकियों पर जाकर मॉनिटरिंग के साथ अक्सर फोर्स का रेस्पांस टाइम चेक करते हैं। सूत्रों के मुताबिक एसएसपी ने महसूस किया था कि कुछ जानकारियां इधर से उधर हो रही हैं। इसके बाद उन्होंने आरआई को पुराने लोगों को हटाकर नया स्टाफ सुरक्षा दस्ते में तैनात करने का निर्देश दिया। रविवार को चार सिपाही हटाकर लाइन से चार नए सिपाही एसएसपी के स्कार्ट में तैनात कर दिए गए।
स्टाफ किसी खास वजह से नहीं बदला है। जो स्टाफ ज्यादा समय से तैनात है, उसे हटाया जा रहा है। एएसपी, सीओ के एस्कार्ट और पेशी से भी पुराना स्टाफ बदला जा रहा हैं। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी