धौरहरा। शत्रु संपत्ति पर कब्जा करने वालों को दिए गए नोटिस की मियाद बीत गई है, लेकिन प्रशासन अभी तक जमीन से कब्जा नहीं हटवा पाया है। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन करते हुए भूमि खाली कराने की मांग की।
धौरहरा तहसील की ग्राम पंचायत अमेठी में 116 बीघा शत्रु संपत्ति पर भू-माफिया लंबे अरसे से काबिज हैं। यह जमीन भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद पाकिस्तान गए खातेदार मोहम्मद सद्दीक वारिद हाल पाकिस्तान के नाम ही अब तक खेतौनी में अंकित रही। जब भू-माफिया ने चकबंदी अधिकारी के समक्ष वरासत का दावा प्रस्तुत किया, तो इसका खुलासा हुआ।
28 अक्तूबर 24 को चकबंदी अधिकारी ने उक्त वरासत के दावे को बलहीन बताते हुए भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी। बीते 28 नवंबर को अधिवक्ताओं के साथ हिंदू संगठनों ने शत्रु संपत्ति से भू-माफिया को बेदखल करने के लिए एसडीएम राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद तहसीलदार आदित्य विशाल ने 16 दिसंबर तक भूमि खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया।
मियाद पूरी होने पर भी प्रशासन भूमि खाली नहीं करा सका तो बुधवार को तहसील में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जल्द भूमि खाली कराने की मांग की। तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया पलिया में चुनाव के चलते पुलिस बल नहीं मिलने की वजह से देरी हुई है। पुलिस बल मिलते ही भूमि खाली कराई जाएगी।