फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोडल अफसर नवनीत सहगल आज परखेंगे व्यवस्थाओं की नब्ज

विज्ञापन
नवनीत सहगल - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

कोविड-19 की रोकथाम के लिए नए सिरे से रणनीति बनाने पर होगा मंथन
विज्ञापन

नोडल अफसर के आने की सूचना पर अफसरों ने तैयार कराई प्रगति रिपोर्ट

बरेली। ऐसे वक्त में नोडल अफसर नवनीत सहगल के दौरे ने अफसरों की बेचैनी बढ़ा दी है जबकि कोरोना संक्रमित होने के बाद काफी दिनों से डीएम नितीश कुमार अस्पताल में हैं। दरअसल मुख्यमंत्री की ओर से पहले से घोषित परियोजनाओं की सुस्त रफ्तार के साथ हाल ही में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन जैसे तमाम मुद्दे हैं जिन पर नोडल अफसर जवाब मांग सकते हैं। अफसरों का मानना है कि डीएम के अस्पताल में होने की वजह से अगर नोडल अफसर ने इस मुद्दे पर नरमी भी बरती तो कोरोना से संबंधित कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब देना मुश्किल हो सकता है।
नवनीत सहगल को नवंबर के पहले ही पखवाड़े में बरेली आना था लेकिन उनके आने से ऐन एक दिन पहले डीएम नितीश कुमार के कोरोना संक्रमित हो जाने की वजह से उनका दौरा टल गया। डीएम अब तक स्वस्थ नहीं हुए हैं और इस बीच शनिवार को नोडल अफसर के आने का कार्यक्रम तय हो गया है। डीएम के अस्वस्थ रहने के दौरान ही पिछले दिनों मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने वर्चुअल बैठक कर पूरे मंडल भर के विकास कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने स्मार्ट सिटी, टेक्सटाइल पार्क, रबर फैक्टरी जैसी तमाम बड़ी परियोजनाओं का इस बैठक में जिक्र करने के साथ उनके काम में तेजी लाने का निर्देश दिया था। इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय से उन परियोजनाओं का भी हिसाब मांगा गया था जिनकी सत्ता संभालने के बाद खुद मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी। इनमें से ज्यादातर परियोजनाओं की प्रगति काफी दयनीय थी लिहाजा उन्हें पूरा करने की डेडलाइन भी तय कर दी गई थी। हालांकि इसके बावजूद इन परियोजनाओं की रफ्तार में कोई तब्दीली नहीं आई है।
विज्ञापन

अफसरों का मानना है कि नोडल अफसर का फोकस इन्हीं परियोजनाओं पर रह सकता है। मुश्किल यह है कि डीएम की गैरमौजूदगी में उनको इन पर क्या जवाब दिया जाए, यह वे समझ नहीं पा रहे हैं। अफसरों का यह भी मानना है कि अगर नोडल अफसर ने डीएम के अस्वस्थ होने की वजह से इन परियोजनाओं को लेकर थोड़ा हल्का हाथ रखा तब भी कोरोना संक्रमण के मामले में कड़ाई दिखा सकते हैं। दरअसल पिछले दो दौरों के दौरान सहगल लगातार कोरोना को लेकर कई मसलों पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के स्तर पर खामियों को इंगित करते रहे हैं और कई बार अफसरों को आगाह भी किया है, हालांकि इसके बावजूद इसमें कोई खास सुधार नहीं आया है। अब इन मामलों में अफसरों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है।

शहर में कहां करेंगे दौरा.. फिलहाल गोपनीय

सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग के मुताबिक नोडल अफसर बरेली पहुंचकर कोविड और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद किसी अस्पताल का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं, लेकिन वह कब और कौन से इलाकों या निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे, यह गोपनीय रखा गया है। फिर भी माना जा रहा है कि नोडल अफसर ने पूर्व मेें फरीदपुर के एक गांव का दौरा किया था। चूंकि इस बार भी वह सड़क मार्ग से ही आ रहे हैं तो इस बार भी वहां निरीक्षण कर सकते हैं। हाईवे पर पैचवर्क का काम भी शुरू करा दिया गया है। बाकी निर्माण कार्यों ने भी तेजी पकड़ ली है।

इसलिए घिरेंगे कोरोना पर.., सैंपल में ढर्रे पर आए तो जांच करने में गड़बड़ाए

नोडल अफसर नवनीत सहगल ने पिछले महीने निरीक्षण और समीक्षा बैठक में बरेली में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पर्याप्त प्रयास न किए जाने पर सख्त नाराजगी जताई थी। उन्होंने कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर भी चिंता जताई थी, हालांकि सैंपलिंग की स्थिति पर संतोष जताया था, लेकिन नियमित समीक्षा के दौरान भी सहगल लगातार जिला अस्पताल में बीएसएल-2 आरटीपीसीआर लैब और ट्रूनेट से कम जांच होने पर नाराजगी जताते रहे हैं। उन्होंने लैब में 24 घंटे जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिहाज से वहां स्टाफ तैनात करने का भी निर्देश दिया था, लेकिन अब तक उनकी मंशा के मुताबिक काम नहीं हो पा रहा है। अब नोडल अफसर इस पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासन के अफसरों से भी रिपोर्ट मांग सकते हैं। इस बीच एक अप्रिय खबर यह भी है सीएमओ कोरोना संक्रमण का इलाज कराकर लौट तो आए हैं लेकिन उन्होंने कह दिया है कि वह अभी काम नहीं कर पाएंगे। इसलिए उनके वित्तीय अधिकार के लिए कोई दूसरा अफसर नामित कर दिया जाए। सहगल के आगमन की जानकारी मिलते ही डीएम कैंप कार्यालय पर भी सरगर्मी बढ़ गई हैं।

संपर्क तलाशने में भी स्वास्थ्य विभाग का सिस्टम फेल

सहगल लगातार संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश पर जोर देते रहे हैं और इसकी संख्या दस से कम होने पर नाराजगी भी जताते रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को हर हालत में दस से ज्यादा संपर्क वाले लोगों की तलाश और उन सभी के सैंपल की जांच कराने के निर्देश दिए थे। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों को आइवरमेक्टिन दवा देने, होम आइसोलेशन पर रह रहे मरीजों के मोबाइल में होम एप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक यह सब हवाहवाई चल रहा है।

सर्वे सर्विलांस न तेज हुआ न सुस्ती पर स्पष्टीकरण दिया

जिले में घर-घर सर्वे सर्विलांस की स्थिति पर भी नोडल अफसर लगातार निर्देश देेते रहे, मगर उस पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा। पिछले दिनों नगर आयुक्त और जिला पंचायतराज अधिकारी से सर्विलांस के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन दोनों ही अफसरों ने अब तक सीडीओ को जवाब नहीं दिया है। निजी अस्पतालों की लगातार मॉनिटरिंग करने और संक्रमितों से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए थे, लेकिन यह भी नहीं हो पा रहा है।

मृत्युदर कम करने पर रहा है विशेष जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नोडल अफसर नवनीत सहगल का संक्रमितों की मृत्युदर कम करने पर भी खासा जोर रहा है। इसके लिए सर्वे सर्विलांस के दौरान ही घर पहुंचने वाली टीम को परिवार के सदस्यों की अलग-अलग रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश देते रहे मगर उस पर भी काम नहीं हो सका। तर्क है कि लोग सहयोग नहीं कर रहे, जबकि मृतक के परिजन टीम के ही न आने की बात कहते रहे हैं।

पोर्टल पर दर्ज हो रहीं गलत सूचनाएं

नोडल अफसर ने बीते दिनों समीक्षा में पोर्टल पर गलत सूचनाएं दर्ज करने पर भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने निर्देश दिए थे कि पोर्टल पर सही सूचनाएं ही अपलोड की जाएं ताकि सही जानकारी संक्रमितों को मिल सके। मगर, आईडीएसपी सेल की ओर से गुरुवार को भी एक संक्रमित का नाम पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया। सीएमओ के आवास का पता भी शहर के बजाय देहात में दर्ज कर दिया गया।
बीते दिनों डीएम के संक्रमित मिलने पर स्थगित हुआ नोडल अफसर नवनीत सहगल का दौरा अब शनिवार यानि आज होगा। जिसकी सूचना शुक्रवार दोपहर शासन से मिलने के बाद विभागों में खलबली मच गई। बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रगति रिपोर्ट के साथ ही, कोरोना की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों का ब्यौरा तैयार करने में अफसर जुटे रहे।
विज्ञापन

सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम ओर निर्यात प्रोत्साहन एवं खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव और बरेली के नोडल अफसर नवनीत सहगल शनिवार को बरेली टीम के साथ आएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह आठ बजे नोडल अफसर नवनीत सहगल सड़क मार्ग से बरेली के लिए रवाना होंगे। दोपहर एक बजे तक वह बरेली सर्किट हाउस पहुंच जाएंगे। उनके साथ कौशल विकास मिशन के प्रबंध निदेशक एवं प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग के निदेशक कुणाल सिल्कू और चिकित्सा विशेषज्ञ गेस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. अमित गोयल रहेंगे। एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक को पायलट एवं स्कोर्ट सुरक्षा समेत सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था करने को कहा है। उधर, नोडल अफसर नवनीत सहगल के आने की पुख्ता सूचना पर विभागों में दिन भर दस्तावेजों को दुरुस्त करने का दौर जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग में कोरोना संबंधी आंकड़े, मृत्युदर, सर्वे एवं सर्विलांस के साथ ही, पोर्टल पर अपडेट की जाने वाली रिपोर्ट को दुरुस्त किया गया। वहीं, तीन सौ बेड अस्पताल के लोकार्पण की भी चर्चाओं का दौर जारी रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें