बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में छात्रा के अपहरण मामले में लापरवाही बरतना दरोगा का भारी पड़ गया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद ही दरोगा ने छात्रा को तलाश करने का प्रयास नहीं किया। इस पर एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया।
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में होमगार्ड की बेटी को दूसरे समुदाय के युवक की ओर से अगवा कर ले जाने के मामले में लापरवाही दरोगा रिंकू कुमार को भारी पड़ गई। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। छात्रा व आरोपी की तलाश में भोजीपुरा थाने की टीम प्रयागराज गई है।
विज्ञापन
भोजीपुरा के एक गांव निवासी होमगार्ड की बेटी बीएससी में पढ़ती है। 13 जुलाई से वह लापता थी। पिता को पता लगा कि गांव निवासी समुदाय विशेष का युवक उसे अगवा कर ले गया। होमगार्ड की शिकायत पर तीन दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। दरोगा रिंकू कुमार ने छात्रा की तलाश में कोई रुचि नहीं ली।
दो दिन पहले छात्रा के परिजनों के साथ आए संगठन के लोगों ने भोजीपुरा थाने में हंगामा किया था। आरोप लगाया था कि दरोगा रिंकू कुमार आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर उनकी मदद कर रहे हैं। उन पर तहरीर बदलवाकर अज्ञात में रिपोर्ट कराने का भी आरोप था। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुकदमे की विवेचना में दरोगा रिंकू कुमार की लापरवाही सामने आई है। दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।