बरेली। ट्रेनें ठसाठस और सड़क मार्ग डायवर्ट होने से सावन में बरेली से हरिद्वार की यात्रा मुश्किल हो गई है। बरेली होते हुए हरिद्वार जाने-आने वाली सभी ट्रेनों की स्लीपर श्रेणी में नो रूम है। एसी श्रेणियों में भी बुकिंग बंद हो गई है।
अगस्त के दूसरे सप्ताह के बाद ट्रेनों में स्थिति कुछ हद तक सामान्य होने के आसार हैं, लेकिन इस दौरान भी कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी कम होती नहीं दिख रही।
बरेली-हरिद्वार के बीच कुल 22 ट्रेनों का आवागमन होता है। सावन के दौरान रेलवे लखनऊ-हरिद्वार के बीच कांवड़ विशेष ट्रेन का संचालन भी कर रहा है। इसके बावजूद लोगों को हरिद्वार के लिए कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
टिकट कन्फर्म नहीं होने के कारण रेलवे को रोजाना बरेली से हरिद्वार की यात्रा के 450-500 टिकटों पर रिफंड करना पड़ रहा है। इधर, बरेली-मुरादाबाद-हरिद्वार मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग है। इस कारण इस रूट पर रोडवेज बसों समेत भारी वाहनों को सप्ताह में चार दिन डायवर्ट किया जा रहा है। इससे यात्रा लंबी होने के साथ बसों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
हालांकि, वंदे भारत एक्सप्रेस में एक-दो दिन पहले कन्फर्म टिकट मिल रहा है। इस ट्रेन में भी सीटों की संख्या सीमित ही है। इसके मद्देनजर काफी संख्या में लोगों ने सावन में हरिद्वार की यात्रा टाल दी है। अब वह बाद में जाने की योजना बना रहे हैं। संवाद