फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: रिफ्लेक्टर न नंबर प्लेट, कोहरे में मौत बनकर दौड़ रहे निगम के कूड़ा वाहन

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर में कोहरे का असर दिखने लगा है। इसके बावजूद नगर निगम के कूड़ा वाहन व डंपर बिना सुरक्षा इंतजामों के मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कई भारी वाहनों के पीछे न तो रिफ्लेक्टर लगे हैं, न ही नंबर प्लेट। ऐसे में हादसों की आशंका बढ़ गई है।
विज्ञापन

कैंट इलाके में कारगिल चौक पर 10 नवंबर को पेट्रोल पंप कारोबारी विनय गुप्ता की नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से दबकर मौत हो गई थी। इसके बावजूद सिविल लाइंस, स्टेशन रोड, पीलीभीत बाइपास, ईंट पजाया रोड, डेलापीर चौराहा, स्टेडियम रोड, कालीबाड़ी, ईसाइयों की पुलिया समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बेखौफ दौड़ रहे नगर निगम के डंपर व भारी वाहन यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए हैं।
नियमों के मुताबिक, भारी वाहनों पर नंबर प्लेट व दृश्यता बढ़ाने वाले सुरक्षा संकेत होना जरूरी है। इसके बावजूद नगर निगम के वाहनों में इनकी अनदेखी हो रही है। आम वाहन चालकों पर यातायात नियमों का पालन करने का दबाव बनाया जाता है, जबकि नगर निगम के वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की सुध नहीं ली जाती।
विज्ञापन

यह है हकीकत
- पीलीभीत मार्ग पर सुबह छह बजे कोहरे में कूड़ा वाहन खड़ा था। इस पर रिफ्लेक्टर व नंबर प्लेट नहीं था। इस वजह से कोहरे में इसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
- ईंट पजाया चौराहे के पास सुबह पौने आठ बजे खड़े कूड़े के वाहन से नंबर प्लेट ही गायब था। इस पर क्षमता से अधिक कूड़ा लदा हुआ था।
- विकास भवन रोड पर कूड़े से भरा डंपर दौड़ता दिखाई दिया। उसके आगे खुला ट्रैक्टर था, जिस पर नंबर प्लेट नहीं था। वह तेज स्पीड में गुजर रहा था।
- कालीबाड़ी में सुबह पौने आठ बजे नगर निगम का ट्रैक्टर बगैर नंबर प्लेट के दौड़ता दिखा। इस पर कूड़ा नहीं था। वह श्यामगंज से कुतुबखाना की ओर जा रहा था।
इन मार्गों पर तय है गति सीमा
शहर के प्रमुख मार्गों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा, जबकि तिपहिया वाहनों की 30 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। चौकी चौराहा से कुतुबखाना व किला क्रॉसिंग से सूद धर्मकांटा मार्ग पर सभी श्रेणी के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 30 किमी प्रति घंटा है। कोहाड़ापीर से डेलापीर तिराहा, चौपुला से करगैना, चौकी चौराहा से रेलवे स्टेशन, चौकी चौराहा से चौपुला और बरेली कॉलेज गेट से खलील तिराहा समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए 40 और तिपहिया के लिए 30 किमी प्रति घंटा की सीमा तय है।
वर्जन
सभी सरकारी वाहनों के पंजीयन व नंबर प्लेट के लिए समय-समय पर पत्र जारी किए जाते हैं। शहर के अलग-अलग मार्गों के लिए गति सीमा 30 से 40 किमी प्रतिघंटा निर्धारित की गई है। - मोहम्मद अकमल खां, एसपी ट्रैफिक
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है कि वह सभी वाहनों के नंबर प्लेट व कागजों को दुरुस्त कराए। ऐसा नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें