फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: उपकेंद्र से आपूर्ति ठप होने पर भी नहीं गुल होगी बिजली, इस शहर में नई व्यवस्था लागू, शहरवासियों को राहत

Wed, 13 Aug 2025 07:06 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में विद्युत निगम ने नई व्यवस्था बनाई है, जिससे शहरवासियों को बिजली संकट से परेशान नहीं होना पड़ेगा। शहर के 20 बिजली उपकेंद्रों को आपस में जोड़ा गया है। अगर किसी आपूर्ति बाधित होती है तो दूसरे से आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के 24 में से 20 बिजली उपकेंद्रों को आपस में जोड़ा गया है। यदि किसी उपकेंद्र से आपूर्ति ठप होती है तो तुरंत दूसरे उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। विद्युत निगम की इस नई व्यवस्था से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

विज्ञापन


बालीपुर, दोहना और सिविल लाइंस ट्रांसमिशन सेंटर से शहर के उपकेंद्रों को बिजली दी जाती है। मेन लाइनों में फाल्ट होने पर उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो जाती है, जिसे ठीक करने में कई बार तो एक-एक दिन का वक्त लग जाता है। बारिश और आंधी में फाल्ट में काफी बढ़ोत्तरी हो जाती है। बीते जून में बारिश के कारण फाल्ट होने की वजह से एक बार तो सभी 24 उपकेंद्रों से आपूर्ति ठप हो गई थी। 

इसके बाद जुलाई में भी 15 उपकेंद्रों से आपूर्ति 24 घंटे ठप रही थी। इससे जनता का गुस्सा तक फूट पड़ा था। ऐसे में अब विद्युत निगम ने उपकेंद्रों को इंटरकनेक्ट कर दिया है। वहीं, शेष चार उपकेंद्रों को भी आपस में जोड़ने का काम तेजी से कराया जा रहा है, जो जल्द पूरा होने की उम्मीद है। 
विज्ञापन


यह उपकेंद्र एक-दूसरे से हैं जुड़े
महानगर और सनसिटी उपकेंद्र को इंटरकनेक्ट किया गया है। इसी तरह डेलापीर व राजेंद्र नगर उपकेंद्र, कोहाड़ापीर को राजेंद्रनगर (आवास विकास) उपकेंद्र, शाहदाना को डीडीपुरम से जोड़ा गया है। इज्जतनगर उपकेंद्र को दुर्गानगर उपकेंद्र से जोड़ा गया है। 

हरूनगला को राधामाधव उपकेंद्र से अंडरग्राउंड जोड़ने का काम भी पूरा हो चुका है, जिसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र के राधा माधव उपकेंद्र में 18 की जगह 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। वहीं, जगतपुर उपकेंद्र को महानगर उपकेंद्र से भी इंटरकनेक्ट किया जा चुका है। मिशन कंपाउंड को कुतुबखाना उपकेंद्र, सुभाषनगर को मढ़ीनाथ उपकेंद्र से जुड़ा गया है।

सिविल लाइंस के तीनों उपकेंद्र भी एक दूसरे से जुड़े
सिविल लाइंस उपकेंद्र प्रथम, द्वितीय और तृतीय की बात करें तो इन तीनों की लाइनें अलग-अलग हैं और 132 सिविल लाइंस से ही पोषित हैं। इन तीनों उपकेंद्रों को एक-दूसरे से इंटरकनेक्ट किया गया है।

इन उपकेंद्रों को एक-दूसरे से जोड़ने का चल रहा काम
लोहिया विहार व सीबीगंज को इंटरकनेक्ट करने का काम लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अलावा, परसाखेड़ा उपकेंद्र को मीरगंज और किला उपकेंद्र को बदायूं रोड से जोड़ने का काम अभी चल रहा है। रामपुर गार्डन अभी इस योजना से बाहर है। अधिकारियों की माने तो छोटी लाइन में कम फाल्ट हैं और समय आने पर इसे भी दूसरे उपकेंद्रों से जोड़ने का काम पूरा किया जाएगा।

 

अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल ने कहा कि अंडरग्राउंड केबल जुड़ने के बाद अब फाल्ट से उपकेंद्रों से पोषित इलाकों में बिजली बाधित नहीं होगी। इसको लेकर उपकेंद्रों को आपस में जोड़ दिया गया है। शहर के लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
 
विज्ञापन

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि चार उपकेंद्रों को आपस में जोड़ने का काम अभी चल रहा है, जबकि 20 उपकेंद्रों को जोड़ा जा चुका है। जिन उपकेंद्रों में काम चल रहा है उनमें से कुछ को ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेंद्रों से जोड़ा जाएगा। इसी वजह से समय लग रहा है, जल्द यह काम भी पूरा होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें