सेंथल। कस्बे के उप डाकघर में पोस्टमैन की तैनाती न होने से पिछले एक माह से डाक का वितरण प्रभावित हो रहा है। इस वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
सेंथल उप डाकघर के दायरे में सेंथल कस्बा सहित 47 गांव आते हैं। कस्बा निवासी इम्तियाज रजवी ने बताया कि यहां पहले तीन पोस्टमैन की तैनाती थी। वर्तमान में एक भी पोस्टमैन नहीं है। इस वजह से डाक वितरण प्रभावित हो रहा है। जरूरी स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री तो उप डाकघर का स्टाफ बाहरी व्यक्ति से बंटवा देता है, पिछले एक माह से सामान्य डाक का वितरण नहीं हुआ है।
उप डाकघर में पोस्टमास्टर भी नहीं हैं। यहां तैनात दो डाक सहायकों में से एक को ही पोस्टमास्टर का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। यहां खाते में रुपये जमा करने व निकालने के लिए आने वाले लोगों को भी स्टाफ की कमी व कनेक्टिविटी सहित अन्य दिक्कतों की वजह से परेशान होना पड़ता है। इस वजह से कई लोग अपना खाता भी बंद करा चुके हैं।
कस्बे के मोहम्मद जावेद, आशीष देवल, अकरम खान, शहाबुल हसन जैदी, अनुभव शर्मा, यामीन, मुनीश कुमार, रियाजुद्दीन, मुमताज खान, फराज हैदर, इम्तियाज अहमद आदि ने अधिकारियों को पत्र भेजकर पोस्टमास्टर व पोस्टमैन की तैनाती करने की मांग की है। डाक सहायक हरीश कुमार ने बताया कि पोस्टमैन की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा गया है।
वर्जन :
मामला जानकारी में नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा। जरूरत के अनुसार स्टाफ की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि आम लोगों को परेशान न होना पड़े। - आरके वर्मा, एडी टू