बरेली। दो दिन के साप्ताहिक लॉकडाउन के पहले दिन ही सड़कों पर वाहनों का संचालन बेहद सीमित रहा। टेंपो भी गिनती के ही निकले। बारिश भी नहीं हुई। यानी सड़कों पर पैचवर्क कराने के लिए शनिवार का दिन बेहद मुफीद था, लेकिन सिस्टम ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं ली। सड़कों की दुर्दसा की बात करें तो इन दिनों शहर की एक भी सड़क ऐसी नहीं है, जिस पर गड्ढों से जान का जोखिम न हो। सुभाषनगर से चौपुला रोड पर तो अक्सर लोग गड्ढों में गिर रहे हैं। श्यामगंज में कहीं सड़क उधड़ी पड़ी है तो कहीं दलदल है। अमर उजाला की टीम ने शनिवार को सड़कों का हाल देखा तो सिस्टम की लापरवाही खुलकर सामने आई।
श्यामगंज पर टूटा मेनहोल सही करने की फिक्र नहीं
- श्यामगंज चौराहे से सेटेलाइट रोड पर पेट्रोल पंप के सामने टूटा मेनहोल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। सीवर लाइन डालने के दौरान इसे छोड़ दिया गया था। अब कई दिनों बाद भी दो डिवाइडर के बीच के हिस्से में खुले मेनहोल को बंद नहीं किया गया है। दो दिन में इसे सही कराया जा सकता था, पर पहला दिन यूं ही गुजर गया। आम दिनों में यहां रास्ता बंद कराकर ही मरम्मत करानी पड़ेगी।
कालीबाड़ी रोड का हाल ही सुधार देते
- श्यामगंज से कालीबाड़ी रोड पर सीवर लाइन के काम से दलदल बना हुआ है। जहां काम पूरा हो चुका है, वहीं भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। लोगों के वाहन अक्सर यहां फिसलते हैं। गड्ढों और जलभराव के बीच से गुजरने के लिए लोग मजबूर हैं। शनिवार को यहां वाहन और भीड़ न होने से आसानी से सड़क की मरम्मत का काम कराया जा सकता था।
सुभाषनगर रोड पर मिट्टी बैठी, गड्ढों में गिर रहे लोग
- चौपुला से सुभाषनगर थाने वाले रोड पर कुछ दिन पहले सीवर लाइन का काम हुआ था। यहां जल निगम ने मिट्टी डालकर छोड़ दी है। बारिश से मिट्टी बैठ गई है और रोड में गहरे गड्ढे हो गए हैं। यहां सड़क बरसात की वजह से नहीं डलवाई जा सकती थी, लेकिन कम से कम मिट्टी तो समतल कराई जा सकती थी।
पुलिस लाइन रोड की बदहाली पर भी खामोशी
- चौपुला से चौकी चौराहा जाने वाले रोड को भी सीवर लाइन की वजह से उधेड़कर डाल दिया गया है। यहां सड़क उखड़ी पड़ी है, जबकि पुलिस लाइन के सामने लगा पोल भी किसी वाहन की टक्कर से तिरछा हो गया है। पुलिस प्रशासन के बड़े अफसर अक्सर पुलिस लाइन में आते जाते रहते हैं, बावजूद इसके रोड की दुर्दशा दूर नहीं कराई जा रही है।