बरेली में भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा को जनता का जो विश्वास मिल रहा है, उससे विपक्ष हताश है। इसलिए विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने का प्रयास कर रहा है।
बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशित हुआ तो किसी ने आपत्ति नहीं जताई। करीब 12 हजार प्रत्याशी चुनाव लड़े, लेकिन उन्होंने या किसी राजनीतिक दल ने मतदान को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जब परिणाम विपक्ष के खिलाफ आया तो फिर सब कुछ जगजाहिर ही है। ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को बरेली के सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में कहीं।
विज्ञापन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी का रुख लोकतंत्र के प्रति नकारात्मक है। विपक्ष का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाना और जनता के फैसले पर संदेह पैदा करना है। एसआईआर कोई नया प्रयोग नहीं है, बल्कि सांविधानिक प्रक्रिया है। भाजपा को जनता का जो विश्वास मिल रहा है, उससे विपक्ष हताश है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक की ओर से बाबरी मस्जिद की नींव रखे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे देश का माहौल खराब होगा। इसके लिए टीएमसी और उसके लोग षड्यंत्र रच रहे हैं। वहां की राज्य सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और ऐसे उपाय करने चाहिए कि कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक रहे।
विज्ञापन
लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है एसआईआर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी पार्टी के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में एसआईआर से संबंधित बैठक में शामिल हुए। इसमें उन्होंने कहा कि एसआईआर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता इसमें शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए संकल्पित हैं। हम सब मिलकर छूटे और पात्र मतदाताओं का फाॅर्म भरवाकर उनके मतदान को सुरक्षित करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।