भोजीपुरा। यूको बैंक की शाखा अलीनगर के एक खातेदार के खाते से 14 लाख रुपये से अधिक जमा किए और निकाले गए। बैंक खातेदार के नाम न तो जमीन और न ही कोई बड़ा व्यापार है। पुलिस ने खाताधारक आरिश के खिलाफ भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर सरौरा निवासी आरिश की तरफ से भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत यूको बैंक की शाखा अलीनगर में 28 अगस्त 2023 को खाता खुलवाया गया था। 28 अगस्त 2023 से 25 सितंबर 2024 तक 997 बार लेन-देन किया गया। इसमें 350 बार धनराशि जमा कराई गई और 647 बार धनराशि आहरित की गई। आरिश के खाते में 14 लाख 66 हजार रुपये जमा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने एक गोपनीय सूचना के आधार पर जांच कराई तो पता चला कि खातेदार आरिश के नाम जमीन भी नहीं है और न ही कोई बड़ा व्यापार है। थाने में दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि खाताधारक आपराधिक कृत्यों में संलिप्त हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि एसआई सुशील कुमार की तहरीर पर मामला पंजीकृत कर लिया गया है। संवाद