बरेली। महानगरों की तर्ज पर कैंट को वर्टिकल गार्डन के जरिए खूबसूरत बनाने की कवायद मुरझाने लगी है। हाल ही में कैंट के कुछ इलाकों में यह गार्डन लगाए गए थे लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से पौधे सूख रहे हैं। हैरत यह कि अफसरों को इसकी जानकारी तक नहीं है। जो उनकी कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है।
पिछले दिनों स्वच्छ भारत मिशन के तहत कैंट को खूबसूरत बनाने का दावा अफसरों ने किया था। इसके तहत साफ सफाई की गई और वर्टिकल गार्डन लगाने का प्रस्ताव रखा। सदर स्थित आरएन टैगोर जूनियर हाई स्कूल की दीवार पर यह गार्डन लगा। बताया जाता है कि एसबीएम की टीम के निरीक्षण तक पौधों को अफसर पानी पिलाते रहे। 31 जनवरी को अभियान संपन्न हो गया और उसी के साथ पौधों को पानी डालने की कवायद भी ठप हो गई। जिसके चलते नन्हें गमलों में लगे करीब डेढ सौ से ज्यादा रंग बिरंगी फूल पत्तियों वाले पौधे अब मुरझाने लगे हैं।
गमलों में मिट्टी की जगह नारियल की भूसी, थर्माकोल आदि की खाद डाली गई थी कि भार अधिक न हो और पौधे सुरक्षित रहें। लेकिन उचित रखरखाव के अभाव के चलते कैंट को खूबसूरत बनाने की पहल अब दम तोड़ती नजर आ रही है। मामले पर कैंट बोर्ड के जेई मनोज यादव ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। साथ ही, पानी डालने की जिम्मेदारी स्कूल के सफाईकर्मी को दी गई थी। अगर वह लापरवाही कर रहा है तो एक्शन लिया जाएगा।