बरेली। पंजाब में किसान आंदोलन के कारण बुधवार को भी ट्रेनों का संचालन बेपटरी रहा। बरेली से गुजरने वाली 20 से ज्यादा ट्रेनों ने यात्रियों को आठ घंटे तक इंतजार कराया। नौ ट्रेनों को बदले रूट से चलाया गया। बृहस्पतिवार को भी नौ ट्रेनों का संचालन परिवर्तित रूट से किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों की समस्या फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रही है। बुधवार को भी बरेली में 150 यात्रियों ने टिकट निरस्त करा दिए।
इधर, मंडल मुख्यालय से निगरानी के बाद भी ट्रेनों की समय सारणी में सुधार नहीं हो रहा है। बुधवार को 05005 गोरखपुर-अमृतसर विशेष ट्रेन ने यात्रियों को छह घंटे इंतजार कराया। 14617 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से आई। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस ने यात्रियों को आठ घंटे तक इंतजार कराया।
बदले रूट से चलाई गईं ये ट्रेनें12237 वाराणसी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 15653 अमरनाथ एक्सप्रेस, 18103 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस, 14617 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस, 05005 गोरखपुर-अमृतसर विशेष ट्रेन, 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस, 14673 शहीद एक्सप्रेस, 12317 अकालतख्त एक्सप्रेस को परिवर्तित रूट अंबाला कैंट, चंडीगढ़, न्यू मोरिंडा, सरहिंद, सानेहवाल और 15652 लोहित एक्सप्रेस को सानेहवाल, चंडीगढ़, अंबाला कैंट के रास्ते चलाया गया।
बृहस्पतिवार को 13152 जम्मूतवी एक्सप्रेस, 14618 जनसेवा एक्सप्रेस, 12470 जम्मू-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट, 15006 राप्ती-गंगा एक्सप्रेस, 12238 जम्मू-वाराणसी एक्सप्रेस, 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 14674 शहीद एक्सप्रेस, 12358 दुर्गियाना एक्सप्रेस को परिवर्तित रूट सानेहवाल, चंडीगढ़, अंबाला कैंट होकर चलाया जाएगा।
विशेष ट्रेनों में बुकिंग शुरू होने से अब नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होने लगा है। इसके बाद भी नियमित ट्रेनों में अब भी अगले दो महीने तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। रेलवे बरेली होते हुए अलग-अलग दिशाओं के लिए अब तक 60 से ज्यादा विशेष ट्रेनों की समय सारणी जारी कर चुका है। कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू भी हो गया है। अन्य में धड़ाधड़ बुकिंग हो रही है। विशेष ट्रेनों में बुकिंग शुरू होने के बाद नियमित ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट अब तेजी से नहीं बढ़ रही।