बरेली। सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों में फर्जीवाड़ा कर बीमा राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि ये लोग संगठित गिरोह बनाकर अज्ञात वाहनों से दुर्घटना होने के मामलों में वाहन और चालक मुहैया कराते थे। कंपनी ने कई मामलों की जांच में पाया कि कई वाहनों से हुए हादसों में एक ही चालक का नाम है। आरोपियों ने कई मामलों में फर्जीवाड़ा कर बीमा क्लेम हड़प लिया है।
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि अंकुर सक्सेना ने इज्जतनगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह को बताया कि जगदीश, नत्थू सिंह, मोहम्मद शकील, नन्हे बाबू, रामसरन, रोहित गुप्ता, मोहित मिश्रा, सूर्य प्रताप, जगजीत ने क्लेम हड़पने के लिए संगठित गिरोह बना रखा है। आरोपियों ने दुर्घटनाओं के मामले में झूठे दावे पेश किए। जिन दुर्घटनाओं के मामले में वाहन अज्ञात होता था या फिर चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता था, उनमें गिरोह के सदस्य वाहन और चालक उपलब्ध कराते हैं।
बरेली में ऐसे कई मामले सामने आए हैं। थाना फतेहगंज पश्चिमी, कैंट, शाही, इज्जतनगर, शीशगढ़, हाफिजगंज, मीरगंज, भोजीपुरा, भमोरा में दर्ज मामलों में इन आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है। जांच के दौरान सामने आया कि दुर्घटना कारित करने वाला वास्तविक वाहन और चालक नहीं हैं। फर्जी तरीके से क्लेम प्राप्त करने के लिए आरोपियों ने दुर्घटना का आरोप अपने नाम लिया है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।