स्टेडियम रोड़ स्थित एक अस्पताल के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभाग अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने कहा कि 108 एकड़ में बनने वाले भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण में करीब तीन हजार करोड़ का व्यय होगा। विहिप नेतृत्व ने तय किया कि मंदिर में प्रत्येक परिवार का अंशदान हो इसलिए निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में शुक्रवार को 114 बस्तियों और 580 उप बस्तियों में टोलियां पहुंचेगी। विहिप और संघ परिवार के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
विहिप के विभाग अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने कहा कि शिला पूजन से अब तक मंदिर के लिए करीब 100 करोड़ रुपये जमा हुए थे, इसके सापेक्ष अब तक करीब 175 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसमें पत्थर तरासी में करीब 150 करोड़ का खर्च आया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के सुझाव के बाद मंदिर निर्माण में सीमेंट सरिया नहीं लगेगी बुनियाद में तांबे का काम होगा। कहा कि श्रीराम मंदिर विश्व करा सबसे अनूठा मंदिर होगा।
विहिप नेताओं ने कहा कि 15 जनवरी को जो निधि संग्रह होगी उसे शाम को पार्टी कार्यालय पर एकत्र कर शनिवार सुबह बैंक के खाते में जमा करा दिया जाएगा। कितनी निधि जमा हुई इसकी जानकारी भी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक कर देंगे।