अब मानसिक उत्पीड़न का आरोप, दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग
बरेली। पति शीरान की शादी रुकवाने गई निदा खान ने रविवार को बारादरी थाने में पति और सास के खिलाफ एक और तहरीर दी है। इसमें बिना तलाक हुए धोखे से दूसरी शादी करके मानसिक आघात पहुंचाने का आरोप लगाया है। निदा अब दोनों मामलों में रिपोर्ट कराने पर अड़ गई हैं।
निदा ने नई तहरीर में बताया है कि शीरान ने तीन तलाक के फर्जी कागजात कोर्ट में पेश किए थे। इस पर कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था। इस तरह उनका वैध तरीके से तलाक नहीं हुआ है। तीन महीने से शीरान ने उन्हें भरण पोषण भत्ता भी नहीं दिया है। इसके लिए उन्होंने अपनी माली हालत का जिक्र किया है।
बताया कि तलाक लिए बिना या पहली पत्नी को विश्वास में लिए बिना दूसरी शादी इस्लाम धर्म में भी जायज नहीं है। इसलिए शीरान की दूसरी शादी कराकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया है। इसके लिए शीरान और उनकी मां दोषी हैं। इन लोगों ने शरीयत को ढाल बनाकर उनका उत्पीड़न किया है जबकि शरीयत इसकी इजाजत नहीं देती। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी जाए। निदा ने बताया कि उन्होंने बारादरी थाने जाकर इंस्पेक्टर नरेश त्यागी को दूसरी तहरीर भी सौंप दी। दोनों ही मामलों में रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई को कहा है। कार्रवाई न होने पर वह तीन मार्च से आमरण अनशन शुरू कर देंगी।
निदा के खिलाफ भी तहरीर आई
निदा के खिलाफ भी उनकी कथित सौतन के पिता की ओर से तहरीर आ गई है। कांकरटोला निवासी शख्स ने बताया है कि शुक्रवार रात निदा ने कुछ महिलाओं व पुरुषों के साथ उनके घर में घुसकर हंगामा किया। लोगों से अभद्रता, गालीगलौज कर धमकियां दी गईं। इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई जाए। पुलिस ने जांच की बात कहकर रिपोर्ट नहीं लिखी है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीरों पर जांच की जा रही है।