बरेली। आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी की अध्यक्ष निदा खान के गनर की मियाद इसी माह के आखिर में पूरी हो रही है। गनर वापस न लेने के लिए निदा खान ने सोमवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है।
निदा खान की शादी आला हजरत परिवार के सदस्य शीरान रजा खां से 2016 में हुई थी। पति पत्नी में विवाद के बाद दोनों शादी के कुछ समय बाद ही अलग हो गए थे। इसके बाद से दहेज, घरेलू हिंसा और तीन तलाक को लेकर अदालत में वाद चल रहा है। तब से मुकदमा चलने के दौरान जनवरी 2017 में कोर्ट परिसर में शीरान रजा ने तेजाब डालने की धमकी दी थी। इसके अलावा दूसरी घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई थी और एक गनर भी दिया गया था। तब से अब तक निदा खान को गनर मिला हुआ है। साथ ही दो होमगार्ड जो हर समय घर की सुरक्षा में रहते हैं। इसमें गनर की मियाद 29 जुलाई को पूरी हो रही है। लिहाजा उन्होंने गनर को बने रहने देने के लिए एसएसपी से निवेदन किया है।