बरेली। रिठौरा के कृष्णा नगर कॉलोनी से हाईवे निर्माण की प्रक्रिया में शनिवार को ध्वस्तीकरण के लिए एनएचएआई टीम पहुंची, जबकि भूमि स्वामियों को अब तक मुआवजा नहीं मिला। जानकारी पर पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार मौके पर पहुंची।
इधर विरोध होने पर टीम को बगैर कार्रवाई के लौटना पड़ा। सुनीता गंगवार ने कहा कि बगैर मुआवजा दिए भूमि अधिग्रहण गलत है। संभावना जताई कि एनएचएआई ने तहसील प्रशासन को मुआवजा राशि दे दी है, लेकिन तहसील स्तर से वितरण नहीं हुआ। दस्तावेजों में जबरन खामी निकाली जा रही है। सिस्टम पर सवाल उठाते कहा कि जब रजिस्ट्री होती है उस दौरान कोई जांच नहीं होती। जब भूमि अधिग्रहण के तहत मुआवजा देने की बारी आती है तो आपत्तियां दर्ज कराने लगते हैं। उन्होंने इसे सरकारी तंत्र का उत्पीड़न बताया। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। ब्यूरो