फरीदपुर/बहेड़ी/आंवला/मीरगंज। 31 दिसंबर और नए साल में जश्न के दौरान हुड़दंग करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। सड़कों पर शराब पीकर जश्न मनाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। हुड़दंगियों से निपटने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है।
नए साल के आगमन पर हाईवे, कस्बा के होटलों और शराब ठेकों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। मंगलवार को तहसील क्षेत्र में पुलिस की टीमों ने जगह-जगह गश्त कर व्यवस्थाओं को परखा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। फरीदपुर में पुलिस ने पांच टीमें गठित कर दी हैं, जो ढाबा व रेस्टोरेंटों पर जाकर चेकिंग करेगी। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि खुराफातियों से निपटने के लिए कस्बे के हर चौराहों पर पुलिस की पिकेट लगाई गई है। क्षेत्र के रेस्टोरेंट व ढाबों पर चेकिंग की जाएगी। किसी हाल में सार्वजनिक स्थान व नियम के विपरीत ढाबा व रेस्टोरेंटों पर शराब पार्टी और हुड़दंगाई नहीं करने दी जाएगी।
बहेड़ी में इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर जगह-जगह पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पैदल गश्त, बाइक और जीप में सवार पुलिसकर्मी हाईवे पर मौजूद सभी होटलों पर जाकर विशेष निगरानी करेंगे। इसके अलावा जगह-जगह सिविल ड्रेस में पुलिस मौजूद रहेगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मंगलवार रात से पुलिसकर्मियों चाैराहों आदि जगहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
आंवला में कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि कस्बा के रेस्टोरेंट, होटल और शराब ठेकों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। पुलिस टीमों ने विशेष रणनीति के तहत निगरानी शुरू कर दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कस्बे के बस स्टॉप, चौराहा, रामनगर रोड, बिसौली बस स्टैंड के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। संवाद
सीओ ने सर्किल के सभी थानेदारों को दिए निर्देश
मीरगंज। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने सर्किल के सभी थानेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कहीं भी कोई नववर्ष के जश्न में हुड़दंग मचाता मिले उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी थानेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी होटलों, अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाकर पूरी रात निगरानी करें। हुड़दंग मचाने वालों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि हुड़दंगियों से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवाद