मीरगंज। ठंड के मौसम में घने कोहरे के चलते मीरगंज से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। वहीं, सड़क पर घूमते छुट्टा पशु लगातार गंभीर हादसों को न्योता दे रहे हैं। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लेकिन, इससे निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कोई तैयारी नहीं की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर छुट्टा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दिन में तो किसी तरह वाहन निकल जाते हैं, लेकिन रात और सुबह के समय कोहरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक पशु आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है।
इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी रामेंद्र सिंह चौहान, गुड्डू सिंह, ओमकार मिश्रा, नरेंद्र शर्मा, हरीश शर्मा और सत्य प्रकाश सक्सेना ने बताया कि छुट्टा पशु केवल सड़क हादसों का कारण ही नहीं बन रहे हैं, बल्कि किसानों की हरी-भरी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। रात के समय ये पशु खेतों में घुसकर गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों को रौंद देते हैं, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो रही है। संवाद सांड़ के हमले से किसान गंभीर घायल : बहेड़ी। खेत पर काम करने जा रहे किसान पर रास्ते में एक सांड़ ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। घायल किसान को परिजन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्राम डांडी अभयचंद निवासी मोहम्मद यासीन सुबह अपने खेत पर गेहूं की फसल देखने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। तभी ग्रामीणों ने किसी तरह सांड़ को भगाया। संवाद