बरेली। बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का नियमित संचालन 30 जनवरी से शुरू हो जाएगा। रैक उपलब्ध न होने के कारण स्वीकृति के एक माह बाद भी गाड़ी का संचालन शुरू नहीं हो सका था। बृहस्पतिवार को रेलवे ने अधिकारिक सूचना के साथ गाड़ी की समय सारिणी भी जारी कर दी।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि गाड़ी की समय सारिणी में कुछ बदलाव किया गया है। 54356 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर रात 9:05 बजे बरेली से चलने के बाद चंदौसी, अलीगढ़, मिथावली, एत्मादपुर होते हुए अगले दिन सुबह 9:50 बजे बांदीकुई पहुंचेगी।
वापसी में 54355 बांदीकुई-बरेली पैसेंजर दोपहर 2:45 बजे बांदीकुई से चलने के बाद अगले दिन सुबह 5:08 बजे बरेली आएगी। यह अनारक्षित गाड़ी है और सप्ताह में प्रतिदिन संचालित की जाएगी। यह ट्रेन 55 स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 418 किलोमीटर दूरी तय करेगी।
बरेली से आंवला, चंदौसी, अलीगढ़, हाथरस, आगरा होते हुए चलने वाली बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन पांच साल पहले कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। लंबे समय से गाड़ी का फिर से संचालन शुरू करने की मांग की जा रही थी। सांसद छत्रपाल गंगवार ने इस संबंध में रेल मंत्री से मुलाकात कर गाड़ी चलवाने का अनुरोध किया था। इसके बाद एक माह पहले गाड़ी के नियमित संचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। संवाद