बरेली। आने वाले दिनों में बीडीए की रामगंगानगर आवासीय कॉलोनी में बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाएगी। यहां अलग से 33/11 क्षमता का बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। बीसलपुर रोड स्थित बालीपुर ट्रांसमिशन उपकेंद्र से 33 केवी का स्वतंत्र फीडर भी बनाया जाएगा। रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर सात में बिजली उपकेंद्र बनाने के लिए दिसंबर 2024 में स्वीकृति मिल चुकी है। बिजली निगम ने प्रस्तावित परियोजना का ले-आउट तैयार करने के बाद बीडीए के लिए 37.97 लाख रुपये का आकलन भी भेज दिया है। इसके अलावा 33 केवी के स्वतंत्र फीडर पर भी 43.57 लाख रुपये खर्च होंगे।
स्वतंत्र फीडर पर आने वाले खर्च का भुगतान बीडीए की ओर से बिजली निगम को किया जा चुका है, लेकिन बिजली निगम ने अब तक परियोजना पर आने वाली कुल लागत का पांच प्रतिशत सुपरविजन चार्ज का आकलन बीडीए को नहीं भेजा है। ऐसे में काम फंसा हुआ है।
अब बीडीए की ओर से बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता को इस संबंध में लिखा गया है। इसमें बिजली उपकेंद्र निर्माण का जल्द काम शुरू कराने के लिए सुपरविजन चार्ज का आकलन मांगा गया है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि परियोजना पर काम किया जा रहा है। बीडीए को जल्द पांच प्रतिशत सुपरविजन चार्ज का आकलन भेज दिया जाएगा। संवाद