बरेली। सर्दियों का सीजन शुरू होने से पहले ही हवाई अड्डा प्रशासन ने उड़ानों की नई समय सारिणी पर भी काम शुरू कर दिया है। नया शेड्यूल अगले सप्ताह से लागू होने की बात कही जा रही है। इसे स्वीकृति के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) भेजा गया है। दिल्ली, नवी मुंबई, जेवर और बंगलूरू हवाई अड्डों की व्यस्तता के लिहाज से नया शेड्यूल जारी किया जाएगा।
बरेली हवाई अड्डा से सप्ताह से तीन दिन बंगलूरू, चार दिन नवी मुंबई, तीन दिन दिल्ली और चार दिन जेवर के लिए उड़ान है। सर्दियों के सीजन में यात्रियों की संख्या तो घट ही जाती है, इसके अलावा कोहरे के कारण दृश्यता का असर भी उड़ानों पर पड़ता है।
हवाई अड्डा के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि इससे पहले गर्मियों का सीजन देखते हुए 30 मार्च को उड़ानों का नया शेड्यूल जारी किया गया था। सर्दियों के सीजन का शेड्यूल डीजीसीए भेजा गया है। सोमवार तक नया शेड्यूल मिल जाएगा।
इसे बुधवार से लागू कर दिया जाएगा। इस संबंध में एयरलाइंस कंपनी के अधिकारियों से भी वार्ता हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उड़ानों की समय सारिणी में एक घंटे तक का बदलाव हो सकता है।