बरेली। एकता नगर स्थित द ज्ञानाय स्कूल में सुबह अभिभावकों व प्रबंधन के बीच कहासुनी हुई। दोपहर तक सोशल मीडिया पर स्कूल के बाहर का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक महिला विद्यालय प्रबंधन पर मारपीट का आरोप लगाती दिख रही है। वीडियो में महिला अपने बच्चे को आरटीई के तहत विद्यालय में अध्ययनरत बताते हुए कह रही है कि प्रबंधन चाहता है मैं उसका नाम कटवा लूं।
महिला के पति विशाल कोहली ने बताया कि विद्यालय के दबंग छात्र उनके बेटे का शोषण करते हैं। शिकायत करने पर उल्टे उसे ही सजा दी जाती है। 15 दिन पहले जब प्रधानाध्यापिका से शिकायत की तो हमें ही दोषी ठहराते हुए नाम कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है, क्योंकि मेरा बेटा आरटीई के तहत पढ़ता है और मेधावी है। बीते दिनों शिक्षकों ने बच्चे पर नकल का आरोप लगा दिया, लेकिन कोई पर्ची या सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखा सके।
विशाल ने बातया कि कुछ दिन पहले उन्होंने शिक्षा विभाग व पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह शनिवार को बात करने गए तो शिक्षक बोले कि बच्चा गालियां देता है। इतने में प्रबंधन के सदस्य भी पहुंच गए। कहासुनी बढ़ी तो वे लोग आक्रामक होने लगे। इस पर पत्नी ने बाहर जाकर शोर मचाया। इसकी एक शिकायत शनिवार को भी प्रेमनगर थाने में दी है।
प्रबंधन की ओर से रवि अग्रवाल ने बताया कि बच्चा आरटीई के तहत पढ़ता है। उसकी दूसरे बच्चों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की शिकायतें आती हैं। समझाने पर वह अपने माता-पिता की धौंस दिखाता है। बच्चे के अभिभावक कई बार विद्यालय आकर तमाशा कर चुके हैं। शनिवार को भी बच्चे के अभिभावकों के साथ कहासुनी हुई, लेकिन बच्चे की मां स्वयं जाकर सड़क पर लेट गईं और मारपीट का शोर मचाने लगीं। विद्यालय की ओर से प्रेमनगर थाने में शिकायत दी गई है। साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी गई है।