बरेली। परिवहन विभाग के विकास भवन के पास स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (डीटीआई) में नया ऑटोमेटिड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का काम लगभग पूरा हो गया है। यहां ट्रैक बनाने का जिम्मा निजी कंपनी को दिया गया है। नए ट्रैक पर ड्राइविंग टेस्ट कब से शुरू होंगे इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों को फिलहाल टेस्ट देने के लिए परसाखेड़ा जाना पड़ता है। परसाखेड़ा में परिवहन विभाग का ऑटोमेटिड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक है। इसका काम भी निजी कंपनी देखती है। विकास भवन के पास परिवहन विभाग का डीटीआई है। यहां काफी समय से ड्राइविंग ट्रेनिंग नहीं दी जा रही। नया ट्रैक बनने के बाद यहां ट्रेनिंग शुरू कराई जाएगी। साथ ही परसाखेड़ा के अलावा स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों का टेस्ट भी लिया जाएगा।
एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार ने बताया कि निजी परिवहन विभाग मुख्यालय ने ट्रैक का काम निजी कंपनी को दिया है। यहां टेस्ट कब से शुरू होंगे यह मुख्यालय स्तर से ही तय किया जाएगा। संवाद