बरेली। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने जून-2026 की सत्रांत परीक्षा के तहत अपरिहार्य कारणों से स्थगित हुई परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, ये स्थगित परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों और पालियों में ही आयोजित की जाएंगी। इनकी तारीखों में बदलाव किया गया है।
नए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, जो परीक्षा पहले 21 मई को होने वाली थी, वह अब सात जून को आयोजित की जाएगी। 24 मई की स्थगित परीक्षा अब आठ जून को और 28 मई की परीक्षा नौ जून को होगी। तीन जून को निर्धारित की गई परीक्षा की तिथि अब पांच जून को कराने का निर्णय लिया गया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि जिन परीक्षार्थियों ने पहले ही अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए थे, वे अनिवार्य रूप से आधिकारिक वेबसाइट से नई संशोधित तारीखों वाला नया प्रवेश पत्र दोबारा डाउनलोड कर लें। बिना संशोधित प्रवेश पत्र के परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।