बरेली। जीपी कॉर्पोरेट समर स्मैश क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को बेहद रोमांचक रहा। इसमें गज ग्रीन की टीम ने यूनिटी वीएच पावर को आठ रनों से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
खिताबी मुकाबले में गज ग्रीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 179 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। निखिल मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 62 रनों की पारी खेली।
सुमित श्रीवास्तव ने 31, मुकुल शुक्ला ने 23 और पवन मेहरोत्रा ने 11 रन बनाए। यूनिटी वीएच पावर के लिए अरिंदम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए। प्रसून, मुकेश, हारिश और छोटू को एक-एक सफलता मिली।
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनिटी वीएच पावर की टीम ने अंत तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वे लक्ष्य से महज आठ रन दूर रह गए। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी।
विकास यादव ने 41, हारिश खान ने 38 और दीपक ठाकुर ने 36 रनों की जुझारू पारियां खेलीं, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। गज ग्रीन की ओर से शुभम शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। जॉनी ने दो और फराज व निखिल ने एक-एक विकेट लिया। गज ग्रीन के ऑलराउंडर निखिल मिश्रा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।