बरेली। कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार दहला रही है। शनिवार को जिले में 24 घंटे के अंदर नए संक्रमितों की संख्या 1160 तक पहुंच गई। इसके साथ एक ही दिन में सर्वाधिक 14 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हो गई। इनमें एक साड़ी कारोबारी के साथ कई व्यापारी और शिक्षक भी शामिल हैं। इसके अलावा बरेली के एक अस्पताल में इलाज करा रहे अल्मोड़ा के जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के निदेशक डॉ. आरएस रावल ने भी शनिवार को दम तोड़ दिया।
साड़ी कारोबारी महेंद्र अग्रवाल को कुछ दिन पहले बुखार आया था। जांच में वह संक्रमित पाए गए थे। शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा फरीदपुर में कोरोना संक्रमित मां-बेटे की मौत हो गई। तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में शनिवार को दो मौत हुई। बिजली विभाग के एसडीओ सत्यार्थ गंगवार के कोरोना संक्रमित ससुर ने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा। रिठौरा के मोहल्ला जवाहर नगर के संतोष की पत्नी 28 वर्षीय पिंकी शर्मा शनिवार को जांच में संक्रमित पाई गईं, एक निजी मेडिकल कालेज में उनकी मौत हो गई। दुनका की 65 वर्षीय वृद्धा नत्थो देवी की भी मौत हो गई।
एक निजी यूनिवर्सिटी में कार्यरत हेमंत जोशी ने भी शनिवार को दम तोड़ दिया। क्यारा ब्लॉक के एक बेसिक स्कूल में तैनात शिक्षामित्र अनिल सिंह तबीयत खराब होने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। जांच में संक्रमित पाए जाने के बाद शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। इसके अलावा बड़ा बाजार के कपड़ा व्यापारी विनय अग्रवाल और एक शिक्षक ने भी शनिवार को दम तोड़ा।
कोसी कटारमल (अल्मोड़ा) के जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के निदेशक डॉ. आरएस रावल का भी शनिवार को निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थे और उनका बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
इन इलाकों में मिले संक्रमित
आईडीएसपी प्रभारी डॉ. मीसम अब्बास ने बताया कि जिले में शनिवार को पवन विहार, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, सिविल लाइंस, कुंवरपुर, देव विहार स्टेट, कानून गोयान, अशोक विहार, कर्मचारीनगर, सुर्खा बानखाना, बिहारीपुर, प्रेमनगर, साई रेजिडेंसी, नार्थ सिटी कॉलोनी, वैष्णोपुरम कॉलोनी, संतनगर, गांधीनगर, सहसवानी टोला, अंबिका आवास, राजेंद्रनगर, गुलमोहर पार्क, सनराइज इंक्लेव, राजीव रेजिडेंसी, डीडीपुरम, सनसिटी, एलआईसी कॉलोनी, मुंशीनगर, ग्रेटर ग्रीन पार्क कॉलोनी, एकतानगर, रोहलीटोला, डिफेंस कॉलोनी, मयूर विहार, लक्ष्मीपुरम, नेकपुर, शिवगार्डन, दुर्गानगर, आशीष रायल पार्क, रबड़ीटोला, इंद्रानगर, गांधीपुरम आदि इलाकों में नए संक्रमित मिले हैं।
मौत के बाद जांच में देरी का आरोप
बरेली। तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में शनिवार को कोरोना से दो मौत हुई। एक मृतक के परिजन का आरोप है कि सही समय पर जांच न होने से उनके मरीज की मौत हुई है।
कुतुबखाना में रहने वाले 55 वर्षीय हरिकिशन को बृहस्पतिवार को बुखार आया था। तेज खांसी और जुकाम के साथ उनकी सांस भी फूल रही थी। परिजन के मुताबिक शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर उन्होंने उनकी कोविड जांच के लिए कहा लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें फ्लू कार्नर में भर्ती कर दिया जहां काफी देर जांच नहीं हो सकी। कुछ देर बाद हरिकिशन फ्लू कार्नर में ही जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। पुराना शहर में रहने वाले 65 वर्षीय हरिद्वारी लाल शुक्रवार शाम तीन सौ बेड कोविड अस्पताल के आइसीयू में भर्ती हुए थे। शनिवार को हालत खराब होने पर उनकी मौत हो गई।
नोडल अधिकारी बने डॉ. सुबोध शर्मा
बरेली। मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुबोध शर्मा को तीन सौ बेड कोविड अस्पताल के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार को उन्होंने सीएमएस डॉ. वागीश वैश्य के साथ बैठक कर बेड में ऑक्सीजन, बेड की उपलब्धता की स्थिति जानी।