बरेली जिला अस्पलात में बुधवार सुबह एक ऐसी घटना हुई जिससे वहां मौजूद लोग अंदर तक सिहर उठे। जिला अस्पताल के इमर्जेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों ने सुबह जब टॉयलेट की सीट में एक नवजात के शव को फंसा देखा तो डर के मारे शोर मचाने लगे। मरीजों के चीखने-चिल्लाने से अस्पताल में हड़कंप मच गया।
शोर सुनकर अस्पताल का स्वीपर वहां पहुंचा और फंसे हुए नवजात के शव को बाहर निकाला। लोगों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था कि टॉयलेट की सीट में फंसा बच्चा मात्र आठ माह का था।
नवजात का शव मिलने के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें एक युवक नवजात को अस्पताल के शौचालय में ले जाता दिखाई दिया। फिलहाल पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि मंगलवार शाम उल्टी और दर्द की शिकायत लेकर पूजा नाम की एक महिला अपने पति के साथ इमरजेंसी वार्ड में आई थी। उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। रात में उसे प्रसव पीड़ा हुई तो अस्पताल में डिलीवरी कराई गई।
इसके बाद नवजात और महिला दोनों अचानक गायब हो गए। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से कहा जा रहा है कि यह वही बच्चा है। आरोपी महिला ने अपना जो पता लिखवाया था वह भी फर्जी निकला। हालांकि महिला अस्पताल ने अबतक इस बात की पुष्टी नहीं की है कि आरोपी महिला ने जीवित बच्चे को जन्म दिया था या मृत।