डीएम की सख्ती के बाद 300 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 31 दिसंबर से पहले ही ओपीडी चालू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ओपीडी चलाने के लिए जिला अस्पताल के डॉक्टराें का सहारा लिया जाएगा। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि 31 दिसंबर तक ओपीडी हरहाल में शुरू कर दी जाए। सीएमओ ने रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है।
डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने पिछले दिनों ओपीडी ब्लॉक का काम करा रहे ठेकेदार को एक सप्ताह के अंदर काम पूरा करने के लिए कहा था। नीचे का हिस्सा लगभग तैयार हो गया है। केवल साफ-सफाई होनी बाकी है। डीएम ने सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल से कहा है कि वह यह सुनिश्चित करें कि 31 दिसंबर से पहले ओपीडी चालू हो जाए। डॉक्टरों का इंतजाम कैसे करना है, यह सीएमओ को ही तय करना है।
कुछ डॉक्टर मिल जाएंगे, कु छ के लिए दिशा-निर्देश मांगा
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने नए अस्पताल में ओपीडी सेवाएं शुरू करने के लिए महानिदेशक को पत्र लिखकर उनसे दिशा-निर्देश मांगा है। पत्र में कहा गया है कि जनवरी में मुख्यमंत्री के बरेली आने की संभावना है, इससे पहले ही ओपीडी चालू करनी है। लिहाजा स्टाफ उपलब्ध कराया जाए। जिला अस्पताल में इस समय दो सर्जन, तीन चेस्ट फिजीशियन, चार नेत्र रोग विशेषज्ञ, तीन फिजीशियन, तीन बाल रोग विशेषज्ञ, तीन हड्डी रोग विशेषज्ञ और दो दंत रोग विशेषज्ञ हैं। माना जा रहा है कि इनमें से एक-एक डॉक्टर को 300 बेड अस्पताल की ओपीडी में शिफ्ट किया जा सकता है।