हाफिजगंज में कांग्रेस के सृजन अभियान के तहत जुटाई गई भीड़
हाफिजगंज। कोरोना के खतरे के कारण भीड़भाड़ और जनसभाओं पर रोक है, फिर भी कांग्रेसियों ने बगैर अनुमति सैकड़ों की भीड़ जुटाकर जनसभा कर डाली। घर के आंगन में हुई इस जनसभा में आपसी दूरी तो मुमकिन थी ही नहीं, ज्यादातर लोगों ने मास्क तक नहीं पहना था। जनसभा के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
गांव उरनपुर में एक घर के आंगन में कांग्रेस के स्थानीय संगठन की ओर से सृजन अभियान के तहत जनसभा का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में कांग्रेस नेता मंच पर बैठे। मंच से लेकर सामने भीड़ में भी संक्रमण से बचाव का किसी को ख्याल नहीं नजर आया। दो गज की दूरी तो दूर, ज्यादातर ने मास्क तक नहीं लगाए थे। जिन्होंने लगाए थे उनकी नाक मास्क के बाहर थी। करीब तीन घंटे तक चली इस सभा की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मामला तब संज्ञान में आया जब घर के ही एक सदस्य ने जनसभा के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। तहसील प्रभारी दत्तराम ने दावा किया कि जनसभा के दौरान कोविड से बचाव के सभी इंतजाम किए गए थे। जो बगैर मास्क के आए थे उन्हें भी मास्क वितरण किया।
यह मामला संज्ञान में नहीं है। नियमों की अनदेखी कर सभा का आयोजन करना गलत है। अगर ऐसा किया गया है तो स्थानीय अफसरों से जांच कराई जाएगी। - नितीश कुमार, डीएम